देहरादून। उत्तराखण्ड में बारिश से भले ही आज कुछ राहत मिली हो, लेकिन दुश्वारियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। शनिवार को बारिश के चलते हुए भूस्खलन से 206 सड़कें बंद हो गईं थीं, जिनमें से देर शाम तक ही 46 सड़कों को खोल दिया गया था। राज्य में बड़ी संख्या में सड़कों के बंद होने से आम लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह सड़कें बाधित होने से लोगों को पैदल सफर को मजबूर होना पड़ रहा है। खबरों के मुताबिक बारिश की वजह से मुख्य रूप से 16 स्टेट हाईवे और 10 मुख्य मार्ग बंद हैं। उन्होंने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के लिए 163 जेसीबी मशीनों को तैनात किया गया है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन होने से जगह-जगह यातायात घंटों ठप रहे। हालांकि हाईवे कुछ स्थानों पर यातायात सुचारू हो गया है। लेकिन गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग करीब तीन बजे भटवाड़ी से आगे मलबा आने से आवाजाही के लिए एक बार फिर बंद हो गया। उधर बारिश के बाद नदियां उफान पर हैं। मैदानी इलाकों में जलभराव की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है।
बलवंत रावत
संपादक