पौड़ी गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड के पौड़ी जनपद की शांत और मनोरम नयार घाटी आज साहसिक खेलों के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर चमक उठी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद के भ्रमण के दौरान 'नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026' का विधिवत शुभारंभ किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और साहसिक प्रदर्शनों के बीच मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पौड़ी की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन क्षमताओं को विश्व पटल पर स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नयार घाटी का यह क्षेत्र पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, ट्रेल रनिंग और एंगलिंग जैसी गतिविधियों के लिए प्राकृतिक रूप से बेहद उपयुक्त है। इस फेस्टिवल के माध्यम से लैंसडौन, ताड़केश्वर, देवप्रयाग और भैरव गढ़ी जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के बीच का यह पूरा बेल्ट एक 'एडवेंचर हब' के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि पर्यटन की इन गतिविधियों से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं, जिससे न केवल पलायन रुकेगा बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए पौड़ी जनपद के लिए चल रही बड़ी परियोजनाओं का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से 'नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी' (NIT) का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने पौड़ी के ऐतिहासिक महत्व को सहेजने के लिए पुराने कलेक्ट्रेट भवन को 'हेरीटेज भवन' के रूप में संरक्षित करने की जानकारी दी। उन्होंने गर्व के साथ साझा किया कि पौड़ी में प्रदेश की पहली एनसीसी एकेडमी का निर्माण किया जा रहा है, जो राज्य के युवाओं के लिए सैन्य प्रशिक्षण का बड़ा केंद्र बनेगा।
कोटद्वार क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए सीएम धामी ने कहा कि यहाँ 50 बेड वाले आधुनिक चिकित्सालय का काम तेजी से चल रहा है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि खोह नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, कोटद्वार में 11 करोड़ रुपये की लागत से 'सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट' स्थापित किया जा रहा है। मालन नदी पर सड़क पुल का निर्माण भी अंतिम चरणों में है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा, "हमारी सरकार का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना है।" उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और पर्यटन को तीर्थाटन के साथ जोड़ना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल इसी दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और हजारों की संख्या में पहुँचे युवाओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। समारोह में साहसिक खिलाड़ियों द्वारा किए गए हैरतअंगेज कारनामों ने दर्शकों का मन मोह लिया।