govt-ads

उत्तराखण्ड में मौसम का बदलाव: मैदानों में बारिश, उच्च हिमालय में बर्फबारी

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। शुक्रवार को प्रदेशभर में आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज बारिश के साथ मौसम का मिजाज बिगड़ा नजर आया। पहाड़ से लेकर मैदान तक कहीं मूसलधार बारिश हुई तो कहीं ओलावृष्टि ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई। हेमकुंड साहिब सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से ठंड का असर बढ़ गया है। मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की सूचना है, जबकि कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिला। हल्द्वानी में आसमान में बादल छाए रहे, जबकि नैनीताल में बारिश शुरू हो गई। चंपावत में भी घने बादलों के बीच बारिश होने लगी। पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में वर्षा हुई, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात की सूचना है। हरिद्वार, रुड़की और लक्सर क्षेत्र में भी शुक्रवार को बारिश हुई। हरिद्वार और आसपास के इलाकों में मूसलधार वर्षा के साथ ओलावृष्टि होने से मौसम ठंडा हो गया। वहीं, कोटद्वार में तेज बारिश दर्ज की गई। चमोली जिले में भी बारिश के कारण मौसम का मिजाज बदला रहा। रुद्रपुर में आज सुबह के समय हल्की बारिश हुई, जबकि आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। इधर प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का असर और अधिक दिखाई दिया। चमोली जिले के हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई। पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात की सूचना है। पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है।

अल्मोड़ा और रानीखेत में मौसम के अलग-अलग रंग
कुमाऊं के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रानीखेत में बूंदाबांदी के बाद धूप खिल गई, हालांकि आसमान में हल्के बादल बने रहे। अल्मोड़ा में कोहरे के बीच मध्यम धूप निकलने से मौसम मिला-जुला रहा। वहीं, हल्द्वानी में बादलों की मौजूदगी बनी रही और नैनीताल में बारिश शुरू हो गई। चंपावत में भी घने बादलों के बीच वर्षा हुई। कुमाऊं के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में मौसम की अलग-अलग परिस्थितियों के कारण तापमान और जनजीवन पर क्षेत्रवार प्रभाव दिखाई दिया।

तीन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए बदलाव के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान नीचे आया है और सुबह-शाम ठंडक बढ़ गई है। मैदानी क्षेत्रों में भी तेज हवाओं और बारिश के कारण परेशानी हो सकती है। किसानों को अपनी फसलों की स्थिति पर नजर रखने और स्थानीय स्तर पर जारी कृषि संबंधी सलाह का पालन करने की जरूरत है।