टिहरी। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब न्यू टिहरी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने पत्रकारों को सम्मानित करते हुए लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और यदि यह स्तंभ मजबूत रहेगा तो लोकतंत्र की अन्य संस्थाएं भी मजबूत होंगी। एक मजबूत लोकतंत्र ही देश को सही दिशा देने का कार्य करता है। इससे पहले डॉ. हरक सिंह रावत का पत्रकारों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को सम्मानित करते हुए हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। अपने संबोधन में डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां मौजूद हैं। सूचना क्रांति, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और तेजी से बदलते संचार माध्यमों ने पत्रकारिता के स्वरूप को बदल दिया है, लेकिन इन सभी चुनौतियों के बावजूद पत्रकारिता आज भी जीवित है और समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया के माध्यम से खबरें कुछ ही सेकंड में लोगों तक पहुंच जाती हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की अपनी अलग पहचान और विश्वसनीयता है। लोग आज भी सत्यापित और प्रमाणिक जानकारी के लिए मुख्यधारा की पत्रकारिता पर भरोसा करते हैं। डॉ. रावत ने टिहरी के पत्रकारों की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां की पत्रकारिता अन्य क्षेत्रों से अलग पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि टिहरी के पत्रकार निडर होकर अपनी लेखनी चलाते हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का दायित्व केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज के सामने सच को लाना और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना भी है। टिहरी के पत्रकार इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और साहस के साथ कर रहे हैं। अपने संबोधन के दौरान डॉ. हरक सिंह रावत ने पत्रकारिता के पुराने दौर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब पहाड़ी क्षेत्रों में समाचार पत्रों को गांव-गांव तक पहुंचाना किसी चुनौती से कम नहीं होता था। पत्रकार और अखबार वितरक कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी पाठकों तक समाचार पहुंचाने का कार्य करते थे।

