Apr 29, 2026

बारिश के पूर्वानुमान से चारधाम रूट के व्यापारियों में खुशी, ठंडक बढ़ने से यात्रा में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की संख्या

post-img

देहरादून। उत्तराखंड में अप्रैल के महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और तपिश से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 मई तक पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को तपती गर्मी से निजात मिलेगी।

मौसम विभाग द्वारा जारी 'येलो अलर्ट' के मुताबिक, गुरुवार यानी 30 अप्रैल को इस महीने का समापन बारिश के साथ होने जा रहा है। राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 4000 मीटर से ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। पूरे उत्तराखंड में बारिश का योग है। पर्वतीय जिलों में मध्यम बारिश होगी, जबकि 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है। मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश से मौसम सुहावना रहेगा। शनिवार को भी राज्य के पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश होगी। शेष पहाड़ी जिलों और मैदानी क्षेत्रों में भी बादल बरसेंगे। 4 मई को भी प्रदेश के पांच प्रमुख पहाड़ी जिलों (उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़) में अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने से ठंडक और बढ़ेगी। बारिश और बर्फबारी के पूर्वानुमान को देखते हुए चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और बिजली गिरने की घटनाओं के प्रति विभाग ने सचेत किया है। हालांकि, इस बारिश से वनाग्नि (जंगलों की आग) की घटनाओं में कमी आने और कृषि क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद है।