Apr 25, 2026

अक्षत, गीतिका और सुशीला के नाम धामी का संदेश: आपने मेहनत से लिखी है सफलता की नई इबारत

post-img

देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित होने के बाद प्रदेश में खुशी का माहौल है। इस गौरवशाली क्षण को और भी खास बनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यक्तिगत रूप से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉपर्स से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने न केवल इन मेधावियों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई दी, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद भी दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने हाईस्कूल की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान पाने वाले अक्षत गोपाल, द्वितीय स्थान प्राप्त इशांत कोठारी और तृतीय स्थान पर रहे भूमिका व योगेश जोशी से संवाद किया। साथ ही, इंटरमीडिएट में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल करने वाली गीतिका पंत व सुशीला मेंदीरत्ता, द्वितीय स्थान पाने वाले आर्यन और तृतीय स्थान पर रही वंशिका को फोन कर उनके अनुशासन और कड़ी मेहनत की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा, "आप सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने अपनी लगन से न केवल अपने परिवार और जनपद, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। शनिवार सुबह शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा घोषित नतीजों में इस बार रामनगर और बेटियों का दबदबा देखने को मिला। हाईस्कूल में रामनगर के एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 (98.2%) अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में पहला स्थान पाया। वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में गीतिका पंत और सुशीला मेंदीरत्ता ने 490 (98%) अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पूरे प्रदेश में टॉप किया। मुख्यमंत्री का फोन आने के बाद छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के चेहरे खिल उठे। टॉपर्स ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी बात कर उन्हें कुशल परवरिश के लिए बधाई दी। प्रशासन के अनुसार, इन मेधावियों को जल्द ही राज्य स्तर पर सम्मानित करने की योजना भी बनाई जा रही है ताकि अन्य छात्र भी इनसे प्रेरणा लेकर कड़ी मेहनत के लिए प्रोत्साहित हों।