हमारे द्वारा की गई घोषणाएं मात्र चुनावी घोषणाएं नहीं हैं बल्कि हमारा संकल्प है : मुख्यमंत्री धामी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित राजपुर विधानसभा क्षेत्र के अभिनंदन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों पर जनता ने मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सरकार द्वारा हर सम्भव प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने कहा हम जनता के विश्वास एवं उनकी आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
धामी ने कहा हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है। उन्होंने कहा जनता से किए गए वादे तय समय पर पूरे किये जाएंगे। धामी ने कहा इस बार चारधाम यात्रा में काफी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा यात्रा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। इसके लिए कई बैठकें भी की जा चुकी हैं। कार्यक्रम में दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, सैनिक कल्याण एवम कृषि मंत्री गणेश जोशी, सांसद राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा मौजूद रहे।