लंबगांव। प्रतापनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सौंदी में चल रहे नचिकेता प्रीमियर क्रिकेट टूर्नामेंट मे दीनगांव एवं कंडियालगांव की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर सेमी फाईनल मे प्रवेश किया। साैंदी खेल स्टेडियम मे चल रहे नचिकेता प्रीमयर किक्रेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाईनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख रमोला ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना को भी विकसित करते हैं। साथ ही इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके विकास व खेल जैसी हर सकारात्मक पहल में हमेशा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। टूर्नामेंट का पहला क्वार्टर फाइनल मैच दीनगांव बी और सौंदी सी की टीम के बीच खेला गया, जिसमें दीनगांव बी ने टॉस जीतकर पहली बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौंदी सी की टीम 67 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और दीनगांव ने शानदार जीत दर्ज की। दूसरा क्वार्टर फाईनल मैच का मुकाबला कंडियालगांव और ओनालगांव के बीच खेला गया, जिसमें ओनालगांव ने पहली बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 67 रन बनाये जवाबी पारी में कंडियालगांव की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 6 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से शानदार जीत हासिल कर सेमी फाईनल में प्रवेश किया। आयोजक समिति के अध्यक्ष बलराम सोैंदाल ने कहा कि प्रतिवर्ष इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस बार टूर्नामेंट मे 24 टीमें प्रतिभाग कर रही है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है तथा खेल के माध्यम से आपसी मेलजोल और भाईचारा भी बना रहता है। इस अवसर पर आयोजक समिति के कोषाध्यक्ष उमेश चौहान, सचिव दीपन पंवार, मंच रैफरी विकास साैंदाल, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश साैंदाल, जगमोहन पंवार, नरेश नौटियालए अभिषेक पंवार, रोशन साैंदाल, प्रवेश पंवार, मनमोहन राणा आदि लोग माैजूद थे।

