देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद अब सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। रेखा आर्या की ओर से पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद गिरधारी लाल साहू ने वीडियो संदेश जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने मंत्री की ओर से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया और दावा किया कि विवाद से जुड़ा एआई के जरिए तैयार किया गया है। साहू ने इसे परिवार को तोड़ने की साजिश करार देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए और 210 करोड़ रुपये की संपत्ति का दावा करते हुए कहा कि वह इस संबंध में आगे विस्तार से जानकारी देंगे। गिरधारी लाल साहू ने अपने वीडियो संदेश में रेखा आर्या की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कथित ऑडियो एआई से बनाया गया है। उनके मुताबिक, इस तरह की सामग्री के जरिए उनका घर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता और पद को स्थायी नहीं समझना चाहिए, क्योंकि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। साहू ने अपने बयान में रेखा आर्या के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने उनके लिए चुनाव के दौरान मेहनत की और लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि लोगों के सामने जाकर उन्होंने रेखा आर्या के लिए प्रचार किया और उन्हें आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई। वीडियो संदेश में गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से किसी भी जांच एजेंसी के माध्यम से जांच कराने की मांग की। उन्होंने बच्चों के राशन और टीएचआर (टेक होम राशन) से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए भी आरोप लगाए। साहू ने दावा किया कि उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री को कथित भ्रष्टाचार के बारे में जानकारी दी थी। उनके अनुसार, इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की ओर से रेखा आर्या को फटकार भी लगाई गई थी। साहू ने 210 करोड़ रुपये की संपत्ति का जिक्र करते हुए दावा किया कि यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की गई है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में विस्तार से जानकारी सामने रखेंगे। वहीं गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्या के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि जब आप दो जोड़ी कपड़ों में आई थी, वो दिन भी याद करो। साहू ने कहा कि सब जानते हैं कि मैंने तुम्हें कहां से कहां पहुंचाया।
रेखा आर्य ने पति के खिलाफ दर्ज कराई है एफआईआर
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। मंत्री ने अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। शिकायत में उन्होंने पति पर पहली शादी की बात छिपाने, दूसरी महिलाओं से संबंध रखने, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटनाक्रम के बीच रेखा आर्य की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

