अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग प्रतियोगिता से वैश्विक खेल पटल पर चमकेगा उधम सिंह नगर का गदरपुर: धामी

Blog
 Image

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे के दौरान शनिवार को सीमांत क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम बग्गा-54 पहुंचे, जहां उन्होंने जनसंपर्क एवं मुख्य सेवक जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही राजस्व ग्राम का दर्जा और भूमि अधिकार की मांग पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है तथा स्थानीय लोगों के हितों की पूरी रक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने सीमांत क्षेत्रों के विकास को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि बग्गा-54 सहित सीमा से लगे गांवों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को मजबूत बनाना राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों के माध्यम से व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का परचम गंगोत्री से गंगा सागर तक लहरा रहा है और देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गंगोत्री से निकलने वाली गंगा पूरे देश को जोड़ती है, उसी प्रकार उत्तराखंड से शुरू हुई यूसीसी की धारा भी देशभर में समान अधिकार और समान न्याय की भावना को मजबूत करेगी। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू नकल विरोधी कानून ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। इस कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां उपलब्ध करा चुकी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गांव की सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। खटीमा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने उधम सिंह नगर के गदरपुर पहुंचकर प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, खिलाड़ियों की सुविधाएं, पार्किंग, चिकित्सा व्यवस्था और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान विधायक अरविंद पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे।