डिजिटल राशन कार्ड डाउनलोड उत्तराखंड: यूआरसीएमएस वेबसाइट से प्रिंट निकालने का तरीका

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड के आम नागरिकों और राशन कार्ड धारकों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है। प्रदेश में राशन कार्ड बनवाने या उसमें किसी भी तरह का संशोधन कराने के लिए अब लोगों को सरकारी दफ्तरों, तहसीलों या कोटेदारों (राशन की दुकानों) के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। धामी सरकार ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सेवाओं को पूरी तरह पारदर्शी, सुलभ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए 'स्मार्ट पीडीएस योजना' के अंतर्गत नया यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल लाइव कर दिया है।

इस नई व्यवस्था के लागू होने से अब सूबे के नागरिक घर बैठे ही नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। साथ ही पुराने कार्ड में परिवार के सदस्यों का नाम जोड़ने, हटाने या पता बदलने जैसे जरूरी संशोधन भी खुद ही कर सकेंगे। जिला पूर्ति कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में चल रहे आरसीएमएस (राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल को आधुनिक तकनीक और बेहद सरल यूजर-इंटरफेस के साथ अपडेट करके नया 'यूआरसीएमएस' पोर्टल तैयार किया गया है। इस डिजिटल बदलाव का मुख्य उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली से भ्रष्टाचार और बिचौलियों के खेल को पूरी तरह खत्म करना है। नई व्यवस्था से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आम जनता को बिना किसी मानसिक और आर्थिक परेशानी के पारदर्शी तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। देहरादून के जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नई व्यवस्था की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि आम नागरिक अब विभाग के आधिकारिक वेब पोर्टल uk.smartpds.nic.in पर जाकर सीधे 'Citizen Login' (सिटिजन लॉगिन) विकल्प के माध्यम से अपनी सेवाएं ले सकते हैं। प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए इसे दो श्रेणियों में बांटा गया है।  नया राशन कार्ड बनवाने के लिए: यदि कोई नागरिक पहली बार राशन कार्ड के लिए आवेदन कर रहा है, तो उसे पोर्टल पर अपने पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) आधारित ओटीपी (OTP) सत्यापन के माध्यम से लॉगिन करना होगा और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। यदि पुराने कार्ड में कोई बदलाव करना है, तो राशन कार्ड के मुखिया के पंजीकृत (रजिस्टर्ड) मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के जरिए ही लॉगिन किया जा सकेगा। इसके लिए परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर सक्रिय होना अनिवार्य है। पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया में सहज नहीं हैं, वे पूर्व की भांति अपनी संबंधित तहसील और जिला पूर्ति कार्यालय में जाकर भी ऑफलाइन मोड में संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने प्रदेश के सभी पुराने राशन कार्ड धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी और अपील जारी की है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार सभी राशन कार्ड धारकों को समय रहते अपनी ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूर्ण करानी होगी। इसके लिए आगामी 30 मई 2026 की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। नागरिकों की सुविधा के लिए विभाग ने “मेरा ई-केवाईसी” मोबाइल एप्लिकेशन जारी किया है। कार्ड धारक इस ऐप को अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड करके घर बैठे बेहद आसानी से अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया को समय से पहले पूरा कर लें, ताकि भविष्य में उनके राशन मिलने की व्यवस्था में कोई रुकावट या तकनीकी बाधा पैदा न हो।