govt-ads

जागेश्वर संग्रहालय से नहीं हटेंगी प्राचीन मूर्तियां, जनभावनाओं के चलते विशेषज्ञ समिति ने टाला मूल्यांकन

Blog
 Image

अल्मोड़ा। जागेश्वर स्थित पुरातात्विक संग्रहालय की प्राचीन मूर्तियों को स्थानांतरित किए जाने को लेकर प्रसारित हो रही खबरों पर जिला प्रशासन और पुरातत्व विभाग ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि वर्तमान में संग्रहालय की किसी भी मूर्ति के स्थानांतरण की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

जानकारी के अनुसार,भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा नई दिल्ली स्थित 'युग-युगीन भारत संग्रहालय' में प्रदर्शनी के प्रस्ताव के क्रम में कुछ प्राचीन मूर्तियों की वर्तमान स्थिति के परीक्षण और पूर्व मूल्यांकन के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया था। इसी क्रम में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को विशेषज्ञ समिति जागेश्वर पहुंची। समिति के जागेश्वर पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुजारियों और नागरिकों ने मूर्तियों से जुड़ी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं तथा ऐतिहासिक विरासत का हवाला देते हुए अपनी भावनाओं से समिति को अवगत कराया। स्थानीय जनभावनाओं और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ समिति ने प्रस्तावित मूल्यांकन एवं भौतिक परीक्षण की कार्रवाई नहीं की। विशेषज्ञ समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए चयनित मूर्तियों को अग्रिम अनुशंसा के लिए नामित नहीं किया जा रहा है। समिति ने इस संबंध में अपना प्रतिवेदन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को प्रेषित कर दिया है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी इस संपूर्ण प्रकरण और स्थानीय लोगों की भावनाओं से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को अवगत करा दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जागेश्वर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय जनभावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे मूर्तियों के स्थानांतरण के संबंध में किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखें।