रुड़की। भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2027 के अगले चरण की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। आगामी 5 अक्तूबर से 23 अक्तूबर के बीच रुड़की में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और दौड़ परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के इस चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता और फिटनेस का परीक्षण किया जाएगा। सीसीई में सफलता हासिल करने के बाद अब युवाओं के सामने शारीरिक परीक्षा में खुद को साबित करने की चुनौती होगी। भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह है और बड़ी संख्या में युवा इस चरण में शामिल होने के लिए रुड़की पहुंचेंगे। अग्निवीर भर्ती के तहत इस बार अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन के पदों के लिए चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अग्निवीर क्लर्क तथा स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के अभ्यर्थी भी भर्ती के इस चरण में शामिल होंगे। सेना की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे शारीरिक परीक्षा में शामिल होने से पहले भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें। परीक्षा में किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय और स्थान पर पहुंचना होगा। भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेजों को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को भौतिक और ऑनलाइन सत्यापन के लिए संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ लाने होंगे। दस्तावेजों की जांच भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी और अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने पड़ सकते हैं। सेना के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित नियमों और मानकों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी। सीसीई में सफल होने के बाद अब शारीरिक और दौड़ परीक्षा में अभ्यर्थियों की मेहनत, फिटनेस और तैयारी की असली परीक्षा होगी। 5 से 23 अक्टूबर तक चलने वाले इस चरण पर करीब तीन हजार युवाओं की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इसके बाद वे सेना में अग्निवीर के रूप में चयन की अगली प्रक्रिया की ओर बढ़ेंगे।

